नई दिल्ली 13 Jan, (Rns)- दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक जिम के बाहर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग की यह घटना “आरके फिटनेस बाय रोहित खत्री” जिम के बाहर हुई, जहां हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के कुछ समय बाद ही सोशल मीडिया पर खुद को गैंगस्टर बताने वाले रणदीप मलिक के नाम से एक पोस्ट वायरल हो गई, जिसमें इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।
जिम संचालक को दी खुली धमकी
वायरल पोस्ट में जिम संचालक को सीधे तौर पर धमकाते हुए लिखा गया है कि यह फायरिंग रणदीप मलिक और अनिल पंडित (यूएसए) के इशारे पर करवाई गई है। पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि फोन कॉल का जवाब न देने के चलते यह हमला किया गया और आगे भी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। पोस्ट में धमकी भरे शब्दों में कहा गया है कि अगली बार कॉल न उठाने पर जिम संचालक को उसी तरह उठा लिया जाएगा, जैसा कि पहले कुख्यात नादिर शाह के मामले में हुआ था। इसके साथ ही कई कुख्यात गिरोहों का नाम लेते हुए समर्थन की बात भी लिखी गई है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पश्चिम विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर घटनास्थल से सबूत जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वायरल सोशल मीडिया पोस्ट की भी साइबर सेल के जरिए जांच की जा रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि पोस्ट किस अकाउंट से और किस लोकेशन से साझा की गई है।
गैंगवार की आशंका, जांच तेज
पोस्ट में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेते हुए कहा गया है कि जो लोग उसके दुश्मन हैं, वे आजीवन दुश्मन ही रहेंगे। साथ ही लॉरेंस बिश्नोई गिरोह समेत कई कुख्यात गैंग्स के प्रति समर्थन जताया गया है। पुलिस पूरे मामले को गैंगवार से जोड़कर भी जांच कर रही है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

