अंबाला 13 jan, (Rns)- हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग के दौरान अचानक हुए जोरदार विस्फोट में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि धमाके के बाद घर में भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त घर में मौजूद परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए, हालांकि आग की चपेट में आने से घर का काफी सामान जलकर खाक हो गया।
घटना नारनौल के गांव बड़कोदा स्थित रामनगर कॉलोनी की है। मृतक की पहचान शिवकुमार (55) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शिवकुमार बीती रात करीब साढ़े नौ बजे अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी को चार्जिंग पर लगाकर घर के एक कमरे में अकेले सो रहे थे। इसी दौरान स्कूटी की बैटरी में अचानक ब्लास्ट हो गया, जिससे पूरे कमरे में आग फैल गई।
धमाके से मची अफरा-तफरी, परिवार सुरक्षित
तेज धमाके की आवाज सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। शिवकुमार की पत्नी, बेटा और पुत्रवधु दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिस कारण वे सुरक्षित बच गए। धमाके और आग की लपटें देखकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस, एम्बुलेंस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
दमकल ने पाया आग पर काबू, अस्पताल में मौत की पुष्टि
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कमरे से शिवकुमार को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, शिवकुमार की मौत आग में झुलसने के कारण हुई।
मजदूरी कर चलाते थे परिवार
बताया जा रहा है कि शिवकुमार बावरिया समाज से थे और कई वर्ष पहले गांव बड़कोदा से नारनौल आकर मजदूरी करने लगे थे। रोज की तरह उन्होंने रात में स्कूटी चार्जिंग पर लगाई थी, लेकिन बैटरी फटने से यह हादसा हो गया।
पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
पुलिस ने मौके का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी सुरक्षा और चार्जिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

