कांकेर/पखांजूर 13 Jan, (Rns) । कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ने एक दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया। पीवी–9 मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने–सामने हुई भीषण भिड़ंत में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान दो सगे भाइयों की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक मोटरसाइकिल पर एक युवक सवार था, जबकि दूसरी बाइक पर दो सगे भाई जा रहे थे। तेज गति के कारण दोनों मोटरसाइकिलें आमने–सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को पखांजूर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें बाहर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दो सगे भाइयों ने दम तोड़ दिया। तीसरे युवक की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में इस घटना से शोक की लहर फैल गई है।

