जौनपुर 14 जनवरी (आरएनएस )। पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को विज्ञान से जोडऩे की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साकार होने जा रही है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित साइंस बस को विश्वविद्यालय परिसर में 16 जनवरी से तैनात किया जाएगा जो विश्वविद्यालय में 01 महीने तक रहेगी । इस पहल के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को विज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रयोगों, मॉडलों तथा नवीन तकनीकी नवाचारों को प्रत्यक्ष रूप से देखने, समझने और अनुभव करने का अवसर प्राप्त होगा।विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि निर्धारित अवधि के दौरान अधिकतम संख्या में विद्यार्थी इस पहल से लाभान्वित हो सकें। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो0 वंदना सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि साइंस बस जैसी पहलें विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, नवाचार की प्रवृत्ति तथा तार्किक सोच के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। पूर्वांचल विश्वविद्यालय का निरंतर प्रयास रहा है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों के युवाओं तक विज्ञान की पहुँच सुनिश्चित की जाए और उन्हें अनुसंधान एवं नवाचार के लिए प्रेरित किया जाए। पर्स परियोजना एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद का यह सहयोग विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं सामाजिक दायित्वों को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

