सुलतानपुर 14 जनवरी (आरएनएस )। देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहरामऊ गांव के पास मंगलवार देर रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सुलतानपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर वैगन-आर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे 4 फीट लंबा लोहे का सरिया कार में बैठे युवक के सीने को चीरते हुए आर-पार निकल गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि शव कार में फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
मनगढ़ से दर्शन कर लौट रहा था परिवार
कोतवाली देहात के मुरारपुर निवासी ओम प्रकाश पांडेय का परिवार प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित मनगढ़ भक्तिधाम (कृपालु जी महाराज) के दर्शन कर लौट रहा था। रात करीब 10 बजे जैसे ही कार लोहरामऊ गांव के पास पहुंची, सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। डिवाइडर में लगी लोहे की रेलिंग (सरिया) ड्राइविंग सीट के बगल बैठे युवक के सीने में घुस गई। कुछ लोगों का कहना है कि सरिया डिवाइडर में लगी थी, जबकि कुछ का मानना है कि यह किसी भारी वाहन से गिरकर सड़क पर पड़ी थी।
नीरज पांडेय की मौके पर मौत, तीन गंभीर घायल
हादसे में मुरारपुर निवासी नीरज पांडेय (25) पुत्र ओम प्रकाश पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई। कार में मौजूद उनकी पत्नी प्रीति (23), बाबा फूल चंद्र पांडेय और चालक सूरज उपाध्याय गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। नीरज का शव कार में बुरी तरह फंसा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर शव बाहर निकाला। बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता ओम प्रकाश पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

