कुशीनगर, 14 जनवरी (आरएनएस)। जनपद के पडरौना नगर के छुछीया गेट के समीप 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से नगर में सनसनी फैल गयी है। मृतक की पहचान नगर के कसेरा टोली निवासी सोनू खरवार पुत्र कैलाश खरवार के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पडरौना कोतवाली पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर किसी तरह से शान्त किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बतादे कि पडरौना नगर में उस समय सनसनी फैल गई जब छुछीया गेट के समीप सड़क किनारे 21 वर्षीय सोनू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। सुबह होते ही मौके पर लोगों की भारी संख्या में भीड़ जुट गई और तरह–तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल बन गया। बताया जाता है कि पडरौना नगर के कसेरा टोली, निवासी 21 वर्षीय सोनू खरवार पुत्र कैलाश खरवार के घर की माली हालत ठीक न होने के कारण बाहर कमाता था तीन दिन पूर्व वह अपने घर पडरौना आया हुआ था। परिजनों ने सोनू की मौत को सामान्य न मानते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि सोनू की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, लेकिन जिस हालत में शव मिला है, वह कई सवाल खड़े करता है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पडरौना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर शव मिला है, वह नगर का व्यस्त इलाका है। ऐसे में युवक की मौत को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठना लाज़मी हैं। घटना के बाद नगर में दहशत का माहौल है और लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और मृतक के हालिया गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों का इंतजार कर रही है। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और उन्हें न्याय मिल सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

