लखनऊ 14 जनवरी (आरएनएस )। नगर निगम लखनऊ ने बकाया गृह कर की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को जोन-7 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर जोन-7 के जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया, जिसमें कर बकाया रखने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने बीबीडी कॉलेज के सामने स्थित साईं मार्केट में संचालित 33 कमर्शियल दुकानों को सील किया। इन दुकानों पर लगभग 14 लाख रुपये का गृह कर बकाया पाया गया था। निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित व्यापारियों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे, इसके बावजूद कर जमा नहीं किया गया, जिसके बाद यह कठोर कदम उठाया गया।इसके अलावा जोन-7 के अन्य वार्डों में भी अभियान चलाते हुए 19 और दुकानों को सील किया गया। यह कार्रवाई कैलाशकुंज ब्लॉक-ए, इंदिरा नगर, कंचना बिहारी मार्ग, कल्याणपुर सहित अन्य क्षेत्रों में की गई, जहां 10 लाख रुपये से अधिक का गृह कर बकाया था। इस तरह पूरे जोन-7 में कुल 52 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की गई।नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई नगर निगम अधिनियम और निर्धारित नियमों के तहत की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बकाया कर की वसूली नगर निगम की प्राथमिकता है और जिन संपत्ति स्वामियों व व्यापारियों द्वारा बार-बार नोटिस के बावजूद कर जमा नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।जोन-7 के जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद ने क्षेत्र के सभी व्यापारियों और संपत्ति स्वामियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने बकाया गृह कर का भुगतान सुनिश्चित करें, ताकि सीलिंग जैसी दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके। नगर निगम का कहना है कि कर वसूली से प्राप्त धनराशि का उपयोग शहर की साफ-सफाई, सड़क, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाता है, इसलिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

