लखनऊ 14 जनवरी (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज समाजवादी पार्टी प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने सभी को मकर संक्रांति की बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रदेश कार्यालय में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव से संगठन, जनसंपर्क और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर संवाद किया।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि संघ परिवार दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार है और आरएसएस व भाजपा से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना जरूरी है। उन्होंने भाजपा के नेता किरण रिजिजू के बयान का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा का एनडीए गठबंधन राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक गठबंधन है, जिसे अब उनके ही नेता स्वीकार कर रहे हैं।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता से लगातार झूठ बोलती है और झूठे वादों के सहारे सत्ता में बनी हुई है। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को लेकर भाजपा ने झूठा प्रचार और झूठा नैरेटिव गढ़ा, लेकिन मतदाता सूची की एसआईआर प्रक्रिया में एक भी घुसपैठिया नहीं मिला। उन्होंने कहा कि झूठ बोलकर जनता को गुमराह करना, भ्रष्टाचार करना और सरकारी धन की लूट भाजपा की पहचान बन चुकी है। भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता को परेशानी में डाल दिया है और आज आम लोग बेहद दुखी हैं।अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथ पर पूरी मजबूती के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि वोट बचाना और बूथ जिताना समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने फार्म-6 के माध्यम से छूटे हुए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़वाने पर जोर दिया और भाजपा की चालाकियों से सतर्क रहने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 2027 के चुनाव में किसी भी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है और सभी लोगों को पार्टी से जोडऩे की जरूरत है। कार्यकर्ताओं को अपने व्यवहार और कामकाज से जनता का विश्वास जीतना होगा। उन्होंने कहा कि लोगों को यह बताना जरूरी है कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रदेश में वास्तविक विकास किया, जबकि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बादी की ओर धकेल दिया है। आज हर विभाग में भ्रष्टाचार फैला हुआ है, अपराधियों का बोलबाला है और महिला अपराध तथा साइबर क्राइम के मामलों में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है। अपराधी खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने संस्थाओं को बर्बाद कर दिया है। राजधानी लखनऊ के बड़े अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में भी गुणवत्तापूर्ण इलाज नहीं मिल पा रहा है क्योंकि सरकार संस्थाओं को पर्याप्त बजट नहीं देती। उन्होंने याद दिलाया कि समाजवादी सरकार के दौरान गरीबों का इलाज पूरी तरह मुफ्त था। समाजवादी पार्टी की सरकार ने लोहिया संस्थान, सैफई मेडिकल कॉलेज और विश्वस्तरीय कैंसर संस्थान जैसे बड़े चिकित्सा केंद्र बनवाए और केजीएमयू तथा पीजीआई जैसी संस्थाओं में सुविधाओं का विस्तार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इन सबको खराब कर दिया है और भाजपा का चरित्र अमानवीय तथा संवेदनशून्य है।इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर से आए समाजवादी पार्टी के नेता मो. आजम सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को शाल और मफलर भेंट किया। वहीं वाराणसी से आए कार्यकर्ताओं ने संकट मोचन मंदिर का प्रसाद भेंट किया। अवधेश यादव और पंचू यादव ने उन्हें इलाहाबादी अमरूद भेंट कर सम्मानित किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

