लखनऊ 14 जनवरी (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी (फेसबुक एवं इंस्टाग्राम) के बीच 2022 से प्रचलित व्यवस्था के तहत यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट करता है, तो मेटा कंपनी उत्तर प्रदेश पुलिस को ई-मेल और फोन के माध्यम से तत्काल अलर्ट भेजती है। इस प्रणाली के माध्यम से दिनांक 01 जनवरी 2023 से 10 जनवरी 2026 तक कुल 1855 व्यक्तियों के प्राणों की रक्षा की जा चुकी है।इसी प्रक्रिया के तहत दिनांक 13 जनवरी 2026 को जनपद इटावा के थाना उसराहार क्षेत्र की लगभग 19 वर्षीय छात्रा द्वारा इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें उसने अपने गले में दुपट्टा डालकर फंदा बनाने का प्रयास किया और टेक्स्ट लिखा, कभी इसकी जान हुआ करते थे, आज मेरी शक्ल से नफरत।”मेटा कंपनी द्वारा भेजे गए अलर्ट को सोशल मीडिया सेंटर, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश ने 01:39 क्करू पर प्राप्त किया। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देशानुसार तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। अलर्ट में उपलब्ध मोबाइल नंबर और लोकेशन की सहायता से थाना उसराहार की पुलिस टीम, उपनिरीक्षक, महिला आरक्षी और अन्य कर्मियों के साथ मात्र 5 मिनट में छात्रा के आवास पर पहुँची।पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और छात्रा के कमरे का दरवाजा खोलकर देखा कि वह फंदा डालकर फांसी लगाने का प्रयास कर रही थी। पुलिस कर्मियों ने तुरंत फंदा हटाकर छात्रा को बेड से नीचे उतारा और परिजनों की मदद से प्राथमिक उपचार प्रदान किया।छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी कर चुकी है और घर पर ही रहती है। उसने कहा कि वह एक युवक से प्रेम करती है और उसी से विवाह करना चाहती थी, लेकिन उसके परिजन ने उसकी इच्छा के विरुद्ध विवाह किसी अन्य युवक से तय कर दिया था। इसी कारण अत्यधिक मानसिक तनाव और अवसाद के चलते उसने आत्महत्या का प्रयास किया।स्थानीय पुलिस ने समय रहते पहुँचकर छात्रा को आत्महत्या से बचाया और उसे काउंसलिंग प्रदान की। काउंसलिंग के दौरान छात्रा ने भविष्य में ऐसा कोई कदम नहीं उठाने का आश्वासन दिया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और सहयोगात्मक कार्यवाही के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस का आभार व्यक्त किया।इस घटना ने सोशल मीडिया और पुलिस के बीच सफल समन्वय की कार्यप्रणाली को उजागर किया, जिससे समय रहते जीवन बचाया जा सका।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

