लखनऊ 14 जनवरी (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश पुलिस कमिश्नरेट, लखनऊ ने सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी करने और विशेष समुदाय की भावनाओं को आहत कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उत्तरी जोन, थाना रहीमाबाद की पुलिस टीम द्वारा की गई।जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 जनवरी 2026 को कस्बा रहीमाबाद निवासी अनवर बेग पुत्र इकरार बेग ने अपनी फेसबुक आईडी के माध्यम से धार्मिक आस्थाओं से संबंधित आपत्तिजनक और अश्लील पोस्ट साझा की। इस पोस्ट के कारण विशेष समुदाय में आक्रोश उत्पन्न हुआ और क्षेत्र में तनाव की संभावना बनी। इस संबंध में एक संगठन द्वारा थाना रहीमाबाद को लिखित सूचना दी गई।सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 09/2026 के तहत धारा 196/299 बीएनएस एवं 67(ए) आईटी एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया। मुखबिर की त्वरित सूचना पर पुलिस ने अभियुक्त को थाना क्षेत्र रहीमाबाद, भतोईया ओवर के पास से गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से एक रियलमी मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।गिरफ्तार अभियुक्त अनवर बेग, उम्र लगभग 36 वर्ष, निवासी कस्बा रहीमाबाद, जनपद लखनऊ के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जा रही है। इसके अलावा अभियुक्त के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत चालान कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।पुलिस ने बताया कि अभियुक्त ने सोशल मीडिया का दुरुपयोग करते हुए धार्मिक आस्थाओं के विरुद्ध आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां कीं, जिससे सामाजिक शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बिगडऩे का प्रयास किया गया।थाना रहीमाबाद की टीम में उपनिरीक्षक श्री रवेन्द्र सिंह और आरक्षी अंकित सैनी ने गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पुलिस कमिश्नरेट, लखनऊ ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ या सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे वाली सामग्री साझा न करें। ऐसे कृत्यों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

