लखनऊ 14 जनवरी (आरएनएस )। शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में लखनऊ नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल की है। यह कार्य महापौर सुषमा खर्कवाल के कुशल मार्गदर्शन, नगर आयुक्त गौरव कुमार के प्रशासनिक सहयोग एवं पार्षद शैलेंद्र वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
जोन 4 में सिनेपॉलिस मॉल के सामने शहीद पथ के नीचे स्थित कूड़ा डंपिंग स्थल वर्षों से जनस्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए गंभीर समस्या बन चुका था। नगर निगम ने सबसे पहले इस कूड़ा स्थल को पूरी तरह बंद कराया और लखनऊ स्वच्छता अभियान की टीम के नेतृत्व में व्यापक सफाई अभियान चलाकर जमा कचरे का सुरक्षित निष्पादन कराया। साथ ही भूमि का समतलीकरण कर इसे भविष्य में विकास के लिए उपयुक्त बनाया गया।कूड़ा स्थल के समापन के बाद इसे वेस्ट-टू-वंडर की अवधारणा पर आधारित रीयूज़ आर्ट गार्डन में परिवर्तित किया गया। इस गार्डन में बेकार टायर, निर्माण और ध्वस्तीकरण से निकले अपशिष्ट तथा अन्य अनुपयोगी सामग्रियों का रचनात्मक पुन: उपयोग किया गया। इन सामग्रियों से कलात्मक संरचनाएँ, सजावटी वस्तुएँ और बैठने की सुविधाएँ विकसित की गईं, जो स्वच्छता और पुनर्चक्रण का संदेश देती हैं।पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर को हरित पट्टी के रूप में विकसित किया गया। इस दौरान चमेली, बोगनवेलिया, फाइकस और नागफनी सहित विभिन्न पौधों का रोपण किया गया, जिससे क्षेत्र स्वच्छ, हरित और आकर्षक बन सका।विकसित रीयूज़ आर्ट गार्डन का उद्घाटन पार्षद शैलेंद्र वर्मा ने किया। इस अवसर पर सफाई निरीक्षक डॉ. राकेश कुमार के नेतृत्व में लखनऊ स्वच्छता अभियान के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शहरी स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।यह पहल न केवल स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है, बल्कि शहरी क्षेत्रों में अपशिष्ट प्रबंधन और रचनात्मक पुन: उपयोग के लिए एक प्रेरक मॉडल के रूप में भी सामने आई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

