ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य सभी शिविरों में जाकर करेंगे संतों को प्रेरित
प्रयागराज 14 जनवरी (आरएनएस)। माघ मेला में कल गुरुवार से गौ प्रतिष्ठा प्रेरणा यात्रा का शुभारंभ ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज द्वारा किया जाएगा। शंकराचार्य जी स्वयं सभी शिविर में जाकर संतों से संवाद करेंगे। यह यात्रा गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता तथा संत-संन्यासियों को प्रेरित करने हेतु आयोजित की जा रही है।
यात्रा का आरंभ सेक्टर-4, संगम नोज़ के समीप स्थित शिविर से होगा, जहाँ शंकराचार्य द्वारा गौ माता एवं भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक चलेगी। इस अवधि में शंकराचार्य जी माघ मेला क्षेत्र के विभिन्न शिविरों, अखाड़ों एवं संत-धर्माचार्यों के मध्य पहुँचकर भारतीय गौ-परंपरा, संरक्षण एवं संवर्धन पर संवाद करेंगे।
उक्त जानकारी शंकराचार्य जी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र योगीराज ने बताया कि यात्रा के दौरान संतों व श्रद्धालुओं के समक्ष यह महत्वपूर्ण प्रश्न रखा जाएगा कि गौ-संरक्षण की है बात। क्या हम सब हैं गौ-माता के साथ?
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य गौ-रक्षा को व्यक्तिगत भावनाओं से आगे बढ़ाकर एक सामाजिक, धार्मिक एवं राष्ट्रीय कर्तव्य के रूप में स्थापित करना है।
यात्रा से जुड़े आयोजकों का कहना है कि आज गौ-संरक्षण की आवश्यकता केवल भावनात्मक नहीं, बल्कि आर्थिक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय स्तर पर भी राष्ट्रीय हित से जुड़ी हुई है। इसलिए इस यात्रा को माघ मेला में उपस्थित संत समाज, श्रद्धालु वर्ग और युवा वर्ग से अप्रत्याशित सहयोग की आशा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

