लखनऊ 15 जनवरी (आरएनएस )। भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय पर गुरुवार को पार्टी के मोर्चों, प्रकोष्ठों और विभागों के अध्यक्ष, महामंत्री, संयोजक एवं सहसंयोजकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मार्गदर्शन दिया। बैठक का संचालन विभाग एवं प्रकोष्ठ प्रभारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने किया।प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि विभागों और प्रकोष्ठों में कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका संगठन में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। संगठन में कोई भी दायित्व छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि प्रत्येक दायित्व समान रूप से अहम होता है। कार्यकर्ता अपने परिश्रम, समर्पण और संगठनात्मक कौशल के माध्यम से पार्टी और समाज में विशिष्ट पहचान बनाता है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने में विभागों और प्रकोष्ठों की निर्णायक भूमिका है। इनके माध्यम से विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों को पार्टी से जोड़ा जाता है, जिससे संगठन और अधिक मजबूत होता है।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिएऐतिहासिक और अभूतपूर्व कार्य किए हैं। आज देश आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प के साथ तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इसी तरह उत्तर प्रदेश मेंमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था, सुशासन, बुनियादी ढांचे के विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं। उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है और यह परिवर्तन भाजपा सरकार की नीतियों तथा दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है।पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संपर्क, संवाद और सेवा के भाव के साथ जनता के बीच जाकर कार्य करें। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पार्टी को 2017 से भी बड़ी और ऐतिहासिक विजय के लक्ष्य के साथ अभी से जुट जाना होगा। संगठन द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व को पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निभाना हर कार्यकर्ता का कर्तव्य है।उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है। मुद्दाविहीन विपक्ष झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार के सहारे जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन भाजपा का जागरूक और प्रतिबद्ध कार्यकर्ता विपक्ष के हर झूठ को तथ्यों और सच्चाई के साथ बेनकाब करेगा।प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता-आधारित और विचारधारा-प्रधान संगठन है। पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका अनुशासित, समर्पित और प्रशिक्षित कार्यकर्ता है, जो हर परिस्थिति में संगठन के साथ मजबूती से खड़ा रहता है। उन्होंने कहा कि मोर्चा, विभाग और प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता पार्टी और समाज के बीच सेतु का कार्य करते हैं। इन्हीं के माध्यम से पार्टी की नीतियां, सरकार की योजनाएं और संगठन का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचता है।धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार यही इकाइयां हैं, जो निरंतर संपर्क, संवाद और सेवा के माध्यम से जनविश्वास को सुदृढ़ करती हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह संगठन की योजनानुसार जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाए और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाए। इससे संगठन और समाज के बीच विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

