थाने के ड्राइवर पर आरोप, जमकर हुई नोकझोंक
प्रयागराज 15 जनवरी (आरएनएस)। अतरसुइया थाने में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब थाने पहुंचे तीन युवकों ने थाने में तैनात ड्राइवर संजय पर गंभीर आरोप लगाए। युवकों का आरोप है कि सादे कपड़ों में मौजूद आरोपी ड्राइवर ने उनके एक साथी के साथ मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया। घटना को लेकर थाने परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
आरोप लगाने वाले युवकों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया है, जिसमें आरोपी ड्राइवर संजय से उनकी नोकझोंक होती साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में मौके पर थाना प्रभारी राममूर्ति यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और तूल पकड़ता जा रहा है। युवकों का कहना था कि वे थाने में एक पीडि़त का मुकदमा दर्ज कराने पहुंचे थे, लेकिन पिछले कई दिनों से थाने के चक्कर कटवाए जा रहे थे। इसी शिकायत को लेकर वे थाना प्रभारी से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद ड्राइवर संजय से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और मोबाइल छीन लिया गया।
इस पूरे मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ड्राइवर संजय की अतरसुइया थाने में यह दोबारा पोस्टिंग है, जबकि पुलिस विभाग के नियमों के अनुसार थानों में री-पोस्टिंग पर रोक है। इसके बावजूद ड्राइवर को दोबारा उसी थाने में कैसे तैनात किया गया, इसे लेकर विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ड्राइवर संजय पूर्व में एसओजी में भी तैनात रह चुका है और उसके खिलाफ कई शिकायतें उच्चाधिकारियों तक पहुंच चुकी हैं। हालांकि, अब तक इन शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पूरे मामले पर एसीपी अतरसुइया राजकुमार मीना ने बताया कि तीनों युवक थाने में एक मुकदमा लिखाने पहुंचे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाने के सीसीटीवी फुटेज मंगवाए गए हैं। एसीपी ने कहा कि अभी तक मारपीट के आरोपी की पुष्टि नहीं हो सकी है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

