प्रयागराज 15 जनवरी (आरएनएस)। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा जाने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में जिम संचालक 30 वर्षीय नवरंग यादव की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धूमनगंज थाना क्षेत्र के झलवा निवासी नवरंग यादव मंगलवार रात अपने दोस्तों के साथ एयरपोर्ट क्षेत्र में पार्टी मनाने गया था। देर रात करीब 2 बजे, नवरंग अपने मित्र 27 वर्षीय आशुतोष गुप्ता और 26 वर्षीय शौर्य चतुर्वेदी के साथ एक ही बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान मोहनी चौराहे के पास बाइक अचानक असंतुलित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एयरपोर्ट थाना पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नवरंग यादव को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल आशुतोष गुप्ता को भर्ती किया गया है, जबकि शौर्य चतुर्वेदी का प्राथमिक उपचार किया गया।
बताया गया कि पीछे से दूसरी बाइक पर प्रियांशु सिंह अपनी महिला मित्र के साथ चल रहा था। प्रियांशु देवघर (झारखंड) का रहने वाला है और प्रयागराज में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रहा है। उसके साथ मौजूद युवती उसकी पूर्व परिचित है, जो दिल्ली में रहकर सीए की तैयारी कर रही है और माघ मेला घूमने प्रयागराज आई थी।
नवरंग यादव की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां उषा देवी, भाई रवि यादव और कुंवर सिंह यादव समेत पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी विनय सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में बाइक के डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। घटना के सही कारणों की पुष्टि के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

