प्रयागराज 15 जनवरी (आरएनएस)। झूंसी थाना क्षेत्र स्थित नागेश्वर मंदिर परिसर के मौनी बाबा आश्रम में पूजनीय महंत श्री श्री 1008 श्री राम शरण दास जी महात्यागी उर्फ मौनी बाबा की 8वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित पंचकुंडीय श्रीमद् भागवत कथा एवं यज्ञ को असामाजिक तत्वों द्वारा जबरन बाधित किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है।
आश्रम के उत्तराधिकारी बाबा बालकदास ने बताया कि बीती 13 जनवरी को दोपहर लगभग 12 से 1 बजे के बीच राजकुमार यादव पुत्र हरि लाल, विनय कुमार, गोरे लाल, लालता प्रसाद, किशन कल्लू के पुत्र यशवंत पुलिस के तीन सिपाहियों के साथ आश्रम परिसर में पहुंचे और जूते-चप्पल पहनकर यज्ञशाला को पूरी तरह नष्ट कर दिया। इस दौरान यज्ञ एवं भागवत कथा को जबरन रुकवा दिया गया, जिससे कार्यक्रम खंडित हो गया और बाहर से आए ब्राह्मणों को लौटना पड़ा।
बाबा बालकदास के अनुसार इससे पूर्व भी 17 जून 2024 को राजकुमार यादव पुत्र हरि लाल, शिव नारायण यादव उर्फ धुन्नू (पार्षद), रैना अहमद उर्फ बब्बू अहमद द्वारा आश्रम की भूमि पर कब्जे की नीयत से दबाव बनाया गया था, जिस पर दीवानी न्यायालय फूलपुर तहसील में वाद संख्या 2126/24 विचाराधीन है।
घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन बाद में मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। माघ मास में प्रयागराज की पावन भूमि पर एक सिद्ध संत के समाधि स्थल पर धार्मिक अनुष्ठान को बाधित किया जाना श्रद्धालुओं की आस्था पर आघात बताया जा रहा है। आश्रम प्रशासन ने जिला प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही और आश्रम की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

