धान खरीदी में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर: 5.18 करोड़ का धान-चावल जब्त, दो राइस मिलें सील
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर संयुक्त जांच दल की ताबड़तोड़ कार्रवाई
सारंगढ़ बिलाईगढ़ 15 जनवरी 2026 (आरएनएस)
जिले में धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितताओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, मार्कफेड एवं कृषि उपज मंडी के संयुक्त जांच दल ने औचक निरीक्षण के दौरान दो राइस मिलों पर कार्रवाई करते हुए कुल 5 करोड़ 18 लाख रुपये मूल्य का धान एवं चावल जब्त कर मिलों को सील कर दिया।

इसी तरह विकासखंड बरमकेला स्थित श्रीश्याम उद्योग राइस मिल में औचक निरीक्षण के दौरान 2051.30 क्विंटल धान अधिक पाया गया। गंभीर अनियमितता मानते हुए उक्त धान को जब्त कर राइस मिल को सील कर दिया गया। इस प्रकार दोनों मिलों से कुल 15,734.50 क्विंटल धान एवं 661.50 क्विंटल चावल, जिसका अनुमानित मूल्य 5 करोड़ 18 लाख रुपये है, जब्त किया गया।
उपार्जन केंद्रों पर भी गिरी गाज
धान खरीदी कार्य में लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए धान उपार्जन केंद्र भेड़वन एवं सरसीवां के समिति प्रबंधकों का वित्तीय प्रभार समाप्त कर दिया। वहीं धान उपार्जन केंद्र कपरतुंगा के प्रभारी समिति प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से प्रबंधक पद के प्रभार से हटा दिया गया।
कोचियों और रिसाइक्लिंग पर प्रशासन सख्त
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन के निर्देशानुसार कोचियों एवं बिचौलियों के माध्यम से धान खरीदी तथा रिसाइक्लिंग पर पूर्ण प्रतिबंध है। जिले में केवल वास्तविक किसानों से ही धान खरीदी सुनिश्चित की जा रही है। अनियमितता पाए जाने पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

