30 लोग गिरफ्तार, प्रदर्शनकारियों ने रेलवे गेट तोड़ा, हाइवे जाम
मुर्शिदाबाद,17 जनवरी (आरएनएस)। बंगाल में मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में आज सुबह प्रवासी मजदूर पर हमले की घटना को लेकर हालात एक बार फिर से तनावपूर्ण हो गए। बता दें कि, शुक्रवार को झारखंड में एक प्रवासी मजदूर पर हमले के बाद जिले में लोग हिंसक होकर सड़क पर उतर आए थे और जमकर हंगामा किया था। लेकिन आज फिर एक बार हालात खराब हो गए है। खबर के मुताबिक, प्रवासी मजदूर की पर हमले को लेकर शनिवार को यहां स्थानीय लोगों ने रेलवे लाइन और नेशनल हाईवे 12 को जाम कर दिया, जिससे लालगोला-सियालदह ब्रांच लाइन भी प्रभावित हुई। दूसरे दिन भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने एनएच-12 और रेलवे ट्रैक को फिर से जाम कर दिया है। स्थिति नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले पर आज एडिशनल एसपी ने बताया कि अब तक 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उपजे हालात को लेकर चिंतित मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को ही शांति बनाए रखने की अपील की थी। इधर भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने आज कहा कि ट्रेनों को जलाया जा रहा है। ममता बनर्जी इसे अल्पसंख्यकों का गुस्सा बताकर सही ठहरा रही हैं। आज सुबह प्रदर्शनकारियों ने बेलडांगा स्टेशन के पास रेल गेट में तोडफ़ोड़ की और रेलवे सिग्नल को नुकसान पहुंचाया। इसके चलते कृष्णनगर और लालगोला के बीच ट्रेन बंद कर दी गईं। पुलिस के अनुसार, सैकड़ों स्थानीय लोग बेलडांगा के बरुआ मोड़ पर एनएच-12 पर जमा हो गए। इससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया और कई वाहन फंस गए। पूर्व रेलवे के जनरल मैनेजर मिलिंद के. देउस्कर ने बताया कि हालात को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त आरपीएफ और आरपीएसएफ बल तैनात किए जा रहे हैं। नए सिरे से तनाव की खबर के बाद बेलडांगा में पुलिस की तैनाती और बढ़ा दी गई है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मुर्शिदाबाद के मजदूर अनीसुर शेख के साथ बिहार में मारपीट की गई। इस घटना से शुक्रवार की हिंसा के बाद शांत हुआ गुस्सा फिर भड़क उठा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घायल मजदूर अनीसुर शेख शुक्रवार देर रात किसी तरह मुर्शिदाबाद पहुंचा। उसकी हालत गंभीर थी। उसे मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय विधायक हुमायूं कबीर मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने कहा कि हालात सामान्य करने और हिंसा को फैलने से रोकने की कोशिश की जा रही है। मृत श्रमिक अनीसुर शेख के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि अनीसुर शेख की पिटाई कर हत्या की गई, इसके बाद शव को लटका दिया गया। शुक्रवार को जब शव गांव पहुंचा, तो गुस्साए लोगों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर सड़क और रेल मार्ग जाम कर दिया।
गौरतलब है कि, बेलडांगा में तनाव की शुरुआत शुक्रवार को हुई थी, जब झारखंड में अनीसुर शेख नामक एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला था। वह बेलडांगा के कुमारग्राम का निवासी था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था और कंट्रोल रूम शुरू करने की मांग उठाई थी। जिला प्रशासन द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति शांत हुई थी, लेकिन प्रवासी मजदूर से मारपीट के नए आरोपों के बाद आज फिर से बेलडांगा में हालात तनावपूर्ण हो गए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

