कोलकाता,17 जनवरी (आरएनएस)। कोलकाता पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर पर आरोप है कि उसने घर पर किसी के न होने पर अपनी एक परिचारिका के साथ छेड़छाड़ की। उक्त घटना दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर के नरेन्द्रपुर थाना इलाके की है। घटना से हड़कंप मच गया है। वहीं आरोपी कसबा थाने में तैनात उक्त पुलिस अधिकारी सवालों के घेरे में है। पुलिस के अनुसार, उक्त पीडि़ता ने ई-मेल के जरिए नरेन्द्रपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल आरोपी पुलिस अधिकारी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। पीडि़ता दक्षिण 24 परगना जिले के नरेन्द्रपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है और कोलकाता में आरोपी पुलिस अधिकारी के घर रसोइया के तौर पर काम करती थी। महिला ने आरोप लगाया है कि घर में अन्य सदस्य मौजूद न होने का फायदा उठाकर पुलिस अधिकारी ने उसकी मर्यादा भंग करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारी ने उसे पीछे आकर दबोच लिया था। जब उसने इसका विरोध किया तो उस पर चोरी का झूठा आरोप लगाया गया। आरोप है कि उसे एक खाली कागज पर जबरन कुछ लिखने के लिए मजबूर किया गया। पीडि़ता ने बताया कि वह किसी कारणवश सीधे थाने नहीं जा सकी, इसलिए उसने थाने को ई-मेल के माध्यम से लिखित शिकायत भेजी। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि घटना के बाद से उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे वह बेहद डरी हुई है। उसने आरोपित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मीडिया से बातचीत में पीडि़ता ने कहा कि जब मैं फर्श साफ कर रही थी, तब उसने मेरे साथ छेड़छाड़ की। मैंने विरोध किया तो उसने बदला लेने की धमकी दी। इसके बाद मुझ पर चोरी का आरोप लगाया गया। मुझसे एक बयान लिखवाया गया कि मैं दोबारा कभी चोरी नहीं करूंगी। अगले दिन पुलिस अधिकारी की एक महिला रिश्तेदार ने फोन कर कहा कि मैंने उनके घर से सोने के गहने चुरा लिए हैं। बहरहाल मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। आरोपित पुलिस अधिकारी की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस संबंध में कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “एक शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है।” फिलहाल बहुत कुछ कहा नहीं जा सकता है। कानून अपना काम करेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

