ओबैदुल्ला लस्कर
मगराहाट 18 जनवरी (आरएनएस)। दक्षिण 24 परगना के मगरा हाट पुलिस थाना इलाके के दक्षिण धमुआ ग्राम पंचायत के शालिका बाजार इलाके में एसआईआर हियरिंग को लेकर लोगों का गुस्सा फूटा। स्थानीय लोग आज सुबह 9 बजे से शालिका बाजार इलाके में सड़क जाम करने बैठे व विरोध प्रदर्शन किया। ऐसे में धमोआ स्टेशन रोड पर काफी देर तक ट्रैफिक जाम रहा। रोज आने-जाने वालों को काफी परेशानी हुई।
लोकल लोगों ने आरोप लगाया कि कई वोटर्स को मान्य एसआईआर दस्तावेज होने के बाद भी हियरिंग कॉल आया है। एसआईआर हियरिंग की सही जानकारी दिए बिना जल्दबाजी में पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया जा रहा है। लिस्ट में कई नाम गलत हैं, कुछ नाम छूट गए हैं। अगर किसी परिवार में 5 सदस्य हैं, तो दो सदस्य के नाम छूट गए हैं। यह भी आरोप है कि जमा करने के बाद कोई रसीद नहीं दी जा रही है। ऐसे में हियरिंग की तारीख और प्रोसेस के बारे में कोई जानकारी नहीं है, जिससे इलाके में पैनिक और गुस्सा फैल गया है। प्रदर्शनकारी धमुआ स्टेशन रोड, शालिका बाजार की मेन सड़क पर बैठ गए, इस दौरान सड़क पर आग जलाई दी और नारे लगाए। इधर सूचना मिलने पर मगराहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू की। आंदोलन की खबर मिलने पर मगराहाट पुलिस थाना प्रभारी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से कुछ देर बात की। पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के भरोसे पर आखिरकार जाम हटा। इलाके में ट्रैफिक सामान्य हो गया। पुलिस के भरोसे के बाद कुछ देर के लिए जाम हटाया गया और ट्रैफिक सामान्य हो गया। इधर सम्बंधित विभाग ने बताया है कि एसआईआर की सुनवाई पूरे नियमों के हिसाब से होगी और अगर किसी के साथ नाइंसाफी हुई है तो उसकी जांच की जाएगी।

