पटना 19 jan, (rns)- बिहार के दरभंगा जिले से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक चर्चित कथावाचक को नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में कथावाचक का गुरु मौनी बाबा फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
SIT ने की कार्रवाई
दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मिथिलांचल क्षेत्र के कथावाचक श्रवण दास महाराज को एक नाबालिग से जुड़े गंभीर यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एसडीपीओ राजीव कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) द्वारा की गई।
उन्होंने बताया कि महिला थाना, लहेरियासराय थाना और आसपास के अन्य थानों की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का सहयोगी और गुरु मौनी बाबा अभी फरार है और उसकी भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
कौन है श्रवण दास महाराज
गिरफ्तार कथावाचक श्रवण दास महाराज का असली नाम श्रवण ठाकुर बताया गया है। वह दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र स्थित पर्री गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह लहेरियासराय थाना क्षेत्र के पचाढ़ी छावनी स्थित रामजानकी मंदिर में रह रहा था।
शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर करीब एक वर्ष तक पीड़िता का यौन शोषण किया। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि गर्भवती होने पर उस पर गर्भपात का दबाव बनाया गया। इस मामले में पीड़िता की मां की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और सभी आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
यह पहला मौका नहीं है जब किसी धार्मिक कथावाचक या बाबा पर इस तरह के गंभीर आरोप लगे हों। इससे पहले भी कई स्वयंभू बाबाओं पर यौन उत्पीड़न जैसे मामलों में आरोप लग चुके हैं, जिनमें से कुछ मामलों में अदालत द्वारा सजा भी सुनाई जा चुकी है, जबकि कुछ प्रकरण अभी न्यायालय में विचाराधीन हैं।
फिलहाल, दरभंगा पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

