नई दिल्ली 19 jan, (Rns)- अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित स्टीवन्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में कार्यरत भारतीय मूल के प्रोफेसर गौरव सबनीस की एक पूर्व छात्रा के भारत दौरे के दौरान कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। यह घटना उस समय हुई, जब छात्रा दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर रही थी। इस घटना के बाद सुरक्षा और सामाजिक संवेदनशीलता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पहले ही दी थी सतर्क रहने की सलाह
प्रोफेसर गौरव सबनीस ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक नोट में बताया कि नवंबर में उनकी एक पूर्व छात्रा उनसे भारत यात्रा को लेकर सलाह लेने आई थी। छात्रा एक मित्र की शादी में शामिल होने के लिए करीब एक सप्ताह के लिए भारत जा रही थी। सबनीस ने उसे खासतौर पर दिल्ली में संभावित छेड़छाड़ और अवांछित व्यवहार को लेकर सतर्क किया था।
उन्होंने लिखा कि एक विदेशी और सुनहरे बालों वाली महिला होने के कारण वह अनचाहे आकर्षण का केंद्र बन सकती है। दुर्भाग्यवश, भारत पहुंचने के बाद छात्रा के साथ वही हुआ, जिसकी आशंका जताई गई थी।
सेल्फी लेने की होड़
भारत पहुंचने के बाद छात्रा ने प्रोफेसर को भेजे अपने संदेश में बताया कि कई लोग उससे लगातार सेल्फी और फोटो लेने की मांग कर रहे थे। उसने कई पुरुषों को मना कर दिया, जबकि महिलाओं और बच्चों के अनुरोध पर वह सहमत हो जाती थी। छात्रा के अनुसार, यह अनुभव कई बार असहज तो कई बार सामान्य रहा, लेकिन दिल्ली मेट्रो में हुई घटना ने उसे झकझोर कर रख दिया।
दिल्ली मेट्रो में कथित घटना
छात्रा के अनुसार, दिल्ली मेट्रो में एक नाबालिग लड़के ने पहले उसके साथ फोटो लेने का अनुरोध किया। लड़का अपनी मां और बहन के साथ था, इसलिए उसने फोटो के लिए हामी भर दी। आरोप है कि फोटो के दौरान लड़के ने पहले उसका कंधा पकड़ा और फिर अनुचित तरीके से शारीरिक संपर्क किया। इसके बाद लड़के ने उसे दबोचना शुरू कर दिया। अमेरिकी ने मैसेज में लिखा, ‘उसने सीधे मेरे ब्रेस्ट को सख्ती से पकड़ लिया। उसने मेरे नितंबों पर थप्पड़ मारा और ऐसे हंसने लगा जैसे उसने कोई मजाक किया हो।
छात्रा ने अपने संदेश में बताया कि वह इस व्यवहार से स्तब्ध और भयभीत हो गई। जब उसने विरोध किया, तो लड़के के परिजनों ने उसकी प्रतिक्रिया को “अतिरेक” बताते हुए लड़के का बचाव किया। छात्रा ने इस बात पर गहरी निराशा जताई कि कथित तौर पर लड़के की मां और बहन ने उसे समझाने के बजाय आरोपी का पक्ष लिया। उनके अनुसार, यह कहकर घटना को हल्का बताया गया कि लड़के ने पहले कभी किसी विदेशी महिला को नहीं देखा था।
भारत को लेकर बदला नजरिया
घटना के बाद छात्रा ने प्रोफेसर से कहा कि इस अनुभव ने भारत यात्रा की उसकी यादों को नकारात्मक रूप से प्रभावित किया है। उसने यह भी कहा कि अब वह न केवल भारत बल्कि पूरे दक्षिण एशिया की यात्रा से बचना चाहती है, हालांकि उसने भारतीय संस्कृति और देश के प्रति सम्मान की भावना भी जताई।

