जांजगीर-चांपा | 19 जनवरी 2026(आरएनएस)जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के नेतृत्व में जिला परिवहन अधिकारी एवं रोड निर्माण एजेंसी के साथ 17 जनवरी 2026 को जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अमरताल मोड़ (पानी टंकी के पास), अकलतरा मोड़ पामगढ़, मुनूंद बौक जांजगीर, आजाद बौक बनारी, हथनेवरा चौक, तालदेवरी मोड़ बिर्रा सहित आरसमेटा चौक, मुलमुला चौक एवं खोखरा से पामगढ़ मार्ग का बारीकी से अवलोकन किया गया। इन स्थानों को जिले के संवेदनशील और दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु संबंधित निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, स्पीड ब्रेकर के निर्माण एवं सुधार, स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने, सड़क पर सफेद लाइन मार्किंग करने, पेड़-झाड़ियों की कटाई-छंटाई, कैट आई एवं ब्लिंकर लगाने तथा सड़क शोल्डर की मरम्मत के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि इन सभी सुरक्षा उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी और आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। पुलिस प्रशासन द्वारा आगे भी ऐसे संयुक्त निरीक्षण जारी रखने की बात कही गई है।


















