जांजगीर-चांपा | 20 जनवरी 2026(आरएनएस) सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत जिला पुलिस जांजगीर एवं जिला परिवहन विभाग जांजगीर-चांपा के संयुक्त तत्वाधान में आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए HSRP एवं लर्निंग लाइसेंस कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप दो चरणों में आयोजित होगा।
प्रथम चरण में दिनांक 20 जनवरी 2026 को थाना शिवरीनारायण क्षेत्र अंतर्गत मेला ग्राउंड में प्रातः 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक कैंप आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात द्वितीय चरण में दिनांक 21 जनवरी 2026 को थाना पामगढ़ के थाना परिसर में प्रातः 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक HSRP एवं लर्निंग लाइसेंस कैंप लगाया जाएगा।
कैंप के दौरान लर्निंग लाइसेंस एवं हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के लिए आवेदन किए जाएंगे। आवेदन हेतु आवश्यक प्रमुख दस्तावेजों में दसवीं की अंकसूची की छायाप्रति, राशन कार्ड अथवा जन्म प्रमाण पत्र, पते के प्रमाण के रूप में वोटर आईडी या आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति, एक पासपोर्ट साइज फोटो तथा निर्धारित शुल्क शामिल है।
जिला पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस कैंप का लाभ उठाएं और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन में सहभागी बनें।


















