नई दिल्ली 20 Jan, (Rns): सर्दियों के मौसम में आमतौर पर रम की बिक्री में बढ़ोतरी देखी जाती है, लेकिन इस बार व्हिस्की ब्रांड ‘इंपीरियल ब्लू’ (Imperial Blue) ने बाजार में तहलका मचा दिया है। भारत के सबसे लोकप्रिय शराब ब्रांड्स में शुमार इंपीरियल ब्लू ने बिक्री का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह रिकॉर्ड इसलिए भी खास है क्योंकि हाल ही में इस ब्रांड का मालिकाना हक बदला है। फ्रांस की कंपनी से इसे एक भारतीय कंपनी तिलकनगर इंडस्ट्रीज ने खरीद लिया है और देसी कंपनी के हाथ में आते ही इसकी बिक्री के आंकड़े आसमान छूने लगे हैं।
4000 करोड़ की डील और बिक्री का नया रिकॉर्ड
तिलकनगर इंडस्ट्रीज ने हाल ही में फ्रांस की दिग्गज कंपनी पर्नो रिका (Pernod Ricard) से इंपीरियल ब्लू ब्रांड को करीब 4000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम सौदे में खरीदा था। इसे भारतीय शराब कारोबार के इतिहास की सबसे बड़ी डील्स में से एक माना गया। तिलकनगर के पास कमान आते ही ब्रांड ने बिक्री के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी ने इंपीरियल ब्लू की करीब 1.79 मिलियन यानी 17 लाख 90 हजार बोतलें बेच डाली हैं। कंपनी के अन्य ब्रांड्स को मिलाकर देखें तो कुल बिक्री में भी जोरदार इजाफा दर्ज किया गया है।
देश का तीसरा सबसे बड़ा व्हिस्की ब्रांड
कंपनी का मानना है कि इंपीरियल ब्लू को खरीदना उनके लिए बेहद फायदे का सौदा साबित हुआ है, क्योंकि इस ब्रांड की सबसे ज्यादा खपत भारत में ही होती है। आंकड़ों पर नजर डालें तो मात्रा (Volume) के हिसाब से यह देश का तीसरा सबसे बड़ा व्हिस्की ब्रांड है। भारत में हर साल व्हिस्की के कुल लगभग 7.9 करोड़ केस बिकते हैं, जिसमें से अकेले इंपीरियल ब्लू के 2.24 करोड़ केस बिकते हैं। इस तरह भारतीय व्हिस्की बाजार में इस अकेले ब्रांड की हिस्सेदारी लगभग 9 प्रतिशत है, जो इसकी लोकप्रियता की कहानी खुद बयां करती है।
कम कीमत और बेहतर स्वाद बना पसंद
इंपीरियल ब्लू की इस तूफानी सफलता के पीछे इसकी किफायती कीमत और स्वाद को मुख्य वजह माना जा रहा है। राजधानी दिल्ली के दामों की बात करें तो इंपीरियल ब्लू के 180 एमएल (क्वार्टर) की कीमत महज 180 रुपये के आसपास है, जबकि इसकी पूरी बोतल करीब 600 रुपये में मिल जाती है। तिलकनगर इंडस्ट्रीज ने व्हिस्की बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तहत ही इस ब्रांड को अपने पोर्टफोलियो में शामिल किया था। कंपनी का कहना है कि लोगों में इस शराब को लेकर जबरदस्त क्रेज है और सही दाम में बेहतर टेस्ट मिलने के कारण यह आम लोगों की पहली पसंद बनी हुई है।

