हावड़ा 20 जनवरी(आरएनएस) बेलूर इलाके में विवेकानंद अपार्टमेंट की छत से गिरने से एक युवती शिप्रा सिंह (18) की मौत हो गई। घटना के बाद हड़कंप मच गया। इस घटना को अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है। बेलूर पुलिस ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। इस बात को लेकर अटकलों का दौर शुरु हो गया है कि क्या युवती ने आत्महत्या की या यह महज हादसा है। खबरों के अनुसार, पुलिस अधिकारी मृतका के परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रहे हैं और शिप्रा सिंह के छत से गिरने के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। मिली जानकारी की माने तो शिप्रा सिंह, बीएससी की छात्रा थी और बेलूर में 3 कराली चरण रॉय चौधरी रोड पर एक मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग में रहती हैं। वह बेलूर में गिरीश घोष रोड पर उक्त विवेकानंद अपार्टमेंट बिल्डिंग में एक टीचर के यहां पढऩे गई थी। पढ़ाई खत्म करने के बाद, वह अचानक वह बिल्डिंग की छत से गिर गई। उनके जूते और किताबों का बैग छत की रेलिंग पर मिले। पुलिस को शुरू में संदेह है कि, कॉलेज छात्रा ने छत की रेलिंग पर जूते रखकर खुदकुशी की हो। हालांकि, पुलिस उक्त बात को अधिकारिक मुहर के तौर पर नहीं कह रही है। हालांकि, शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि, छात्रा ने पढ़ाई के ज्यादा दबाव की वजह से खुदकुशी की होगी। पता चला है कि मृतका की छोटी बहन की कुछ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। इस वजह से शिप्रा पहले से ही मानसिक तौर पर परेशान थी। छात्रा की इस तरह मौत से इलाके में शोक का माहौल है। मृतका के घरवाले इस बारे में बात करने से कतराते रहें।

