प्रयागराज,21 जनवरी (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार दोपहर को सेना का एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा केपी कॉलेज के पीछे हुआ है। सैन्य विमान एक तालाब में जाकर गिरा है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। विमान गिरने से आसपास हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. भीड़ को देखते हुए कई थाने की फोर्स बुलाई गई है. इसके साथ ही सेना का हेलीकाप्टर राहत कार्य मे लगा हुआ है.मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंच गई है। अभी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि विमान हवा में काफी लहराते हुए तालाब में गिरा है, जिस जगह विमान गिरा है वह शहर के बीच का इलाका है। यहां आसपास रिहायशी कॉलोनियां हैं और तालाब स्कूल से सटा हुआ है। विमान के तालाब में गिरने से ही उसमें सवार सभी 3 सैन्य कर्मियों की जान बच गई। वे हादसे के समय तक विमान से बाहर नहीं निकल सके थे। मामले की जांच की जा रही है।
००

