दावोस 23 जनवरी । स्विट्जरलैंड के दावोस में चल रहे वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह कूटनीति नहीं बल्कि उनकी सेहत है। ‘बोर्ड ऑफ पीसÓ के गठन में जुटे ट्रंप के बाएं हाथ पर गहरे नीले रंग के निशान देखे गए, जिसने सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में उनकी सेहत को लेकर नई बहस छेड़ दी। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद सामने आकर इन अटकलों पर विराम लगाते हुए इसे एक मामूली दुर्घटना और दवा का असर बताया है।
‘टेबल के कोने से टकराया था हाथÓ
हाथ पर मौजूद निशानों को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप ने स्पष्ट किया कि यह चोट केवल एक दुर्घटना का परिणाम है और चिंता की कोई बात नहीं है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। ट्रंप ने घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उनका हाथ गलती से टेबल के कोने से टकरा गया था। एहतियात के तौर पर उन्होंने इस पर थोड़ा मरहम लगाया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर के मुताबिक उन्हें किसी खास इलाज की जरूरत नहीं है, लेकिन वह अपनी सेहत को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते।
एस्पिरिन की हाई डोज बनी कारण
राष्ट्रपति ट्रंप ने इन निशानों का मुख्य कारण अपनी नियमित दवा को बताया है। उन्होंने खुलासा किया कि वह अपने दिल की सेहत को दुरुस्त रखने के लिए रोजाना 325 मिलीग्राम की ‘बड़ी एस्पिरिनÓ लेते हैं। ट्रंप के अनुसार, इस हाई डोज की वजह से खून पतला रहता है और त्वचा काफी संवेदनशील हो जाती है, जिससे हल्का सा टकराने पर भी शरीर पर नीला निशान पड़ जाता है। अपने चिरपरिचित अंदाज में उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि उनके दिल में खून का बहाव अच्छा और पतला रहे। उन्होंने मजाकिया लहजे में सलाह दी कि अगर आप अपना दिल अच्छा रखना चाहते हैं तो एस्पिरिन लें, लेकिन इसके साथ थोड़े नीले निशान सहने के लिए भी तैयार रहें।
व्हाइट हाउस और डॉक्टर ने की पुष्टि
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने भी राष्ट्रपति के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने पुष्टि की कि ‘बोर्ड ऑफ पीसÓ कार्यक्रम के दौरान ट्रंप का हाथ मेज के कोने से टकराया था। अधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट करने के लिए राष्ट्रपति की पहले और बाद की तस्वीरें भी साझा कीं, ताकि यह साबित हो सके कि निशान अचानक लगी चोट का ही नतीजा हैं।
वहीं, ट्रंप के निजी चिकित्सक डॉ. सीन बारबाबेला ने भी पुष्टि की है कि राष्ट्रपति प्रतिदिन 325 मिलीग्राम एस्पिरिन लेते हैं। चिकित्सा विशेषज्ञों और मेयो क्लिनिक के अनुसार, दिल की सुरक्षा के लिए आमतौर पर 75 से 100 मिलीग्राम की खुराक पर्याप्त मानी जाती है, लेकिन अधिक खुराक लेने से रक्त ज्यादा पतला हो जाता है, जिससे चोट लगने पर निशान पडऩे की संभावना काफी बढ़ जाती है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

