कोलकाता 23 जनवरी (आरएनएस)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को यूथ खालसा क्लब, भवानीपुर की ओर से चक्रबेडिय़ा-पद्यपुकुर रोड क्रॉसिंग इलाके में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, नेत्र जांच एवं रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया. शिविर में 100 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने चिकित्सीय और नेत्र जांच सेवाओं का लाभ उठाया। यह कार्यक्रम सांसद व तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के दिशा-निर्देश पर यूथ खालसा क्लब (भवानीपुर) के अध्यक्ष व समाजसेवी गुरमीत सिंह (जॉनी) के नेतृत्व में आयोजित किया गया। आयोजन में राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान तृणमूल कांग्रेस विधायक निर्मल माझी समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष गुरमीत सिंह (जॉनी) ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आदर्शों से प्रेरणा लेकर यूथ खालसा क्लब समाजसेवा के कार्य लगातार करता रहेगा और समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम की सराहना करते हुए विधायक निर्मल माझी ने कहा कि सेवा कार्य हो या विकासमूलक पहल, सिख समुदाय की भूमिका हमेशा ही सराहनीय और अहम रही है। स्थानीय लोगों ने भी इस आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

