लुथियन द्वीप के पास तस्करों के साथ तट रक्षकों की आंख मिचौली
हेदायतुल्लाह पुरकैत
फ्रेजरगंज 23 जनवरी (आरएनएस) देर रात बंगाल की खाड़ी में लुथियन आइलैंड के पास जो घटना घटी वह किसी फिल्मों की कहानी को भी मात देने वाली रही। जी हां, गहरे समुन्द्र में देर रात बंगाल की खाड़ी में इंडियन कोस्ट गार्ड ने साहस का परिचय देते हए एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया। इंडियन कोस्ट गार्ड के जवानों ने बकखाली से सिर्फ 3 नॉटिकल मील दूर लुथियन द्वीप से सटे इलाके में एक भारतीय ट्रॉलर से करीब 2.5 टन सुपारी जब्त किया। हालांकि ट्रॉलर को पकड़ लिया गया, लेकिन तस्कर रात के अंधेरे का फ़ायदा उठाकर दूसरे ट्रॉलर से भाग गए।
कोस्ट गार्ड के सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार रात अंधेरा होने के बाद, पेट्रोलिंग कर रहे जवानों ने लुथियन द्वीप के पास एक ट्रॉलर को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा। जैसे ही कोस्ट गार्ड का होवरक्राफ्ट आगे बढ़ा, बदमाशों ने अपने ट्रॉलर से तेजी से भागने की कोशिश की। बीच समुद्र में इंडियन कोस्ट गार्ड ने तस्करों का पीछा किया। वह लोग भगाने लगे। इंडियन कोस्ट गार्ड व तस्करों के बीच आंख मिचौली का खेल होता रहा लेकिन, आखिरकर इंडियन कोस्ट गार्ड ने तस्करों के एक ट्रॉलर को जब कब्जे में ले लिया तो तस्कर दूसरे एक ट्रॉलर पर सवार होकर गहरे समुद्र की ओर भाग गए। बाद में, फ्रेजरगंज बेस के इंडियन कोस्ट गार्ड ने ‘एफबी लक्ष्मीनारायणÓ नाम के ट्रॉलर को जब्त कर लिया। तलाशी लेने पर उसमें से करीब ढाई टन (2500 किलो) सुपारी बरामद हुई। रात 12 बजे तक, ट्रॉलर और सुपारी से भरी बोरियों को फ्रेजरगंज फिशरीज पोर्ट लाया गया। तस्करी की गई इतनी बड़ी मात्रा में सुपारी की बाज़ार में कीमत कई लाखों रुपए आंकी गई है। हालांकि जब्त किया गया ट्रॉलर भारतीय है, लेकिन प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि क्या इसका इस्तेमाल सुपारी की तस्कर कोई इंटरनेशनल गैंग के लिए कर रहें थे। बहरहाल इंडियन कोस्ट गार्ड की खुफिया टीम अपना काम कर रही है। फ्रेजरगंज कोस्टल पुलिस स्टेशन की पुलिस ने पकड़े गए ट्रॉलर के मालिक की तलाश शुरू कर दी है और फरार तस्करों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। इस बारे में सुंदरवन मैरीटाइम फिशरमैन एंड वर्कर्स यूनियन के सेक्रेटरी सतीनाथ पात्रा ने कहा, इस ट्रॉलर के मालिक को ढूंढकर कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए और इस गैंग का पता चलना चाहिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

