रुड़की,25 जनवरी (आरएनएस)। रुड़की के चाउमंडी क्षेत्र स्थित पतंजलि चिकित्सालय में रविवार को नि:शुल्क आयुर्वेदिक एवं योग चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच और परामर्श का लाभ उठाया। शिविर को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पतंजलि योगपीठ वेलनेस सेंटर में चिकित्सक डॉ. अनुष्का गोयल, डॉ. अनुज कुमार और डॉ. गिरीश वर्मा ने शिविर में अनेक मरीजों की नि:शुल्क जांच की। इस दौरान मधुमेह, उच्च रक्तचाप सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी बिना शुल्क किए गए। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आयुर्वेदिक दवाइयों और उपचार की जानकारी दी। शिविर में मधुमेह, बीपी, गठिया, श्वास रोग, हृदय दुर्बलता, माइग्रेन सहित अन्य दीर्घकालिक बीमारियों से पीडि़त मरीजों का उपचार किया गया। चिकित्सालय की संचालिका ज्योति सैनी ने बताया कि बदलती जीवनशैली के कारण लोग तेजी से गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में पतंजलि द्वारा आयोजित नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आमजन के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। इस अवसर पर अंकित कुमार, गौरव कुमार, मधुलिका सैनी, अर्चना सेठ, अनीता यादव, जीत यादव, संजय सैनी आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

