हीरामंडी और पारो स्टार ताहा शाह बदुशा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक बेहद भावनात्मक और दिल को छू लेने वाला पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने अपने फैंस को उनके सफर में लगातार साथ देने के लिए धन्यवाद कहा है। फिलहाल एक कैंडिड तस्वीर के साथ लिखे गए इस रिफ्लेक्टिव कैप्शन ने कई लोगों के दिलों को छू लिया है, जिसमें ताहा ने यह खूबसूरती से बताया कि उनका यह सफर कभी भी अकेले का नहीं रहा। अपने नोट में ताहा ने लिखा है, मैंने यह सफर कभी अकेले तय नहीं किया क्योंकि यह कभी सिर्फ मेरा था ही नहीं।ताहा शाह बदुशा द्वारा लिखे गए ये शब्द फैंस के बीच तुरंत गूंजने लगे। सिर्फ यही नहीं इन शब्दों के साथ उन्होंने कैंपस विजि़ट्स के दौरान बिताए पलों का जि़क्र करते हुए यह भी लिखा कि वहां तालियों की गूंज, सेल्फी और उत्साह से भरे चेहरे उन्हें अपने ही युवा रूप की याद दिलाते हैं, जो उम्मीदों से भरा था, थोड़ा बेचैन था, लेकिन सपनों को छोडऩे के लिए तैयार नहीं था। ताहा के मुताबिक, ऐसे पल उन्हें यह एहसास कराते हैं कि उनका सपना अब सिर्फ उनका नहीं रहा। उन्होंने आगे लिखा, जो कभी एक अकेले का सपना था, आज कई लोगों का हो गया है। सपने वही हैं, बस टाइमलाइन अलग है।इन शब्दों के जरिए उन्होंने अपने और अपने फैंस के बीच मौजूद साझा संघर्षों और आकांक्षाओं को बेहद सादगी से बयान किया।
इस पोस्ट को फैंस से खूब प्यार और सराहना मिली। कई लोगों ने ताहा की विनम्रता और ईमानदारी की तारीफ की, वहीं कुछ ने उनकी इस बात के लिए प्रशंसा की कि उन्होंने अपने सफर में फैंस की भूमिका को खुले दिल से स्वीकार किया और अपनी भावनात्मक सच्चाई साझा की।
अपनी ज़मीन से जुड़े स्वभाव और मेहनत के लिए पहचाने जाने वाले ताहा शाह बदुशा न सिर्फ अपने काम के जरिए, बल्कि ऐसे सच्चे और भावुक पलों के ज़रिए भी दर्शकों से एक गहरा रिश्ता बनाते जा रहे हैं। उनका यह दिल से किया गया आभार इस बात की याद दिलाता है कि सफलता कभी अकेले नहीं मिलती और न अकेले की होती है। इसके पीछे अनगिनत दुआएं, भरोसा और साझा सपने होते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

