रुड़की,30 जनवरी (आरएनएस)। नगर निगम रुड़की शहर को आधुनिक और स्मार्ट बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। शहर के मुख्य चौराहों और व्यस्त मार्गों पर अब पारंपरिक होर्डिंग्स की जगह डिजिटल साइन बोर्ड नजर आएंगे। इस योजना से न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि नगर निगम के राजस्व में भी भारी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। मुख्य नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के पहले चरण के लिए शहर के छह सबसे व्यस्त और प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है। इन स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले डिजिटल साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। इन बोर्ड्स के माध्यम से सरकारी योजनाओं, जनहित से जुड़ी सूचनाओं और विज्ञापन का प्रसारण किया जाएगा। डिजिटल होने के कारण ये बोर्ड रात के समय भी शहर को एक आधुनिक लुक देंगे। बता दें कि अब तक नगर निगम विज्ञापनों के लिए लोहे के भारी-भरकम होर्डिंग्स और बैनरों पर निर्भर था। जिनसे आय सीमित थी और कई बार अवैध रूप से लगे बैनरों के कारण निगम को नुकसान उठाना पड़ता था। अब इन डिजिटल बोर्ड्स पर निजी कंपनियां अपने विज्ञापन चला सकेंगी, जिससे निगम को हर महीने एक बड़ी राशि किराए के रूप में प्राप्त होगी। अभीतक शहर में कहीं पर भी डिजिटल साइड बोर्ड नहीं है। जबकि कैंट बोर्ड क्षेत्र में डिजिटल साइन बोर्ड लगे हैं। जिससे कैंट बोर्ड राजस्व का लाभ उठा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

