लखनऊ,31 जनवरी (आरएनएस)। जनभवन प्रांगण में 06 से 08 फरवरी तक आयोजित होने वाली तीन दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी-2026 के अंतर्गत विभिन्न वर्गों के उद्यानों एवं गृहवाटिकाओं की प्रतियोगिता हेतु जजिंग कार्य का शुभारम्भ 31 जनवरी 2026 को किया गया। यह प्रक्रिया 01 फरवरी 2026 तक जारी रहेगी।निर्देशक उद्यान श्री बी.पी. राम ने बताया कि इस वर्ष जनपद लखनऊ से कुल 243 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई हैं। प्रतियोगिता में शासकीय, अर्धशासकीय, संस्थागत और व्यक्तिगत स्तर पर विकसित उद्यानों और गृहवाटिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की है।प्रदर्शनी में शामिल प्रमुख संस्थानों में उद्यान विभाग, भारतीय सेना, रेलवे, पीएसी मुख्यालय, मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, नगर निगम, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास एवं विकास परिषद, एसजीपीजीआई, आरडीएसओ, आईआरटीएम, जन भवन सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के उद्यान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, व्यक्तिगत उद्यान प्रेमियों द्वारा विकसित गृहवाटिकाओं ने भी प्रतियोगिता में विशेष आकर्षण उत्पन्न किया है।प्रदर्शनी में शहर के ऐतिहासिक एवं विरासत स्थलों जैसे बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा, सहादत अली ख़ां का मकबरा आदि के उद्यान भी प्रतियोगिता में सम्मिलित हैं, जिससे इस आयोजन को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गरिमा प्राप्त हुई है।प्रतियोगिता में प्राप्त सभी प्रविष्टियों का मूल्यांकन भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश के औद्यानिकी से संबंधित विशेषज्ञ संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा किया जा रहा है। इसके साथ ही, प्रदेश उद्यान विभाग में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त विषय विशेषज्ञों से गठित निर्णायक मंडल भी जजिंग प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं। मूल्यांकन के दौरान पौधों की गुणवत्ता, सौंदर्य, नवाचार, रख-रखाव और पर्यावरणीय संतुलन जैसे मानदंडों को विशेष रूप से ध्यान में रखा जा रहा है।इस प्रकार यह प्रदर्शनी न केवल फूल, फल और शाकभाजी की उत्कृष्टता प्रदर्शित करेगी, बल्कि शहर के सांस्कृतिक और पर्यावरणीय जागरूकता को भी बढ़ावा देगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

