लखनऊ,31 जनवरी (आरएनएस)। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अंसल स्थित शॉपिंग स्क्वायर–2 में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक कारोबारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना 30 जनवरी 2026 की रात करीब 10.15 बजे की है, जिसकी सूचना कंट्रोल रूम–112 के माध्यम से थाना सुशांत गोल्फ सिटी को प्राप्त हुई।सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज तथा थाना प्रभारी सुशांत गोल्फ सिटी तत्काल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।घायल व्यक्ति की पहचान अवधेश कुमार पाठक पुत्र शिवप्रसाद, उम्र लगभग 60 वर्ष के रूप में हुई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेदांता हॉस्पिटल भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार घायल की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।घटनास्थल पर मौजूद लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों और घायल की पत्नी से प्राप्त जानकारी के अनुसार अवधेश कुमार पाठक मूल रूप से ग्राम हावपुर गड़ारी, थाना बखिरा, जनपद संतकबीरनगर के निवासी हैं। वर्तमान में वे थाना गोसाईगंज क्षेत्र के ग्राम कबीरपुर में अपने निजी आवास में रह रहे थे। वे शॉपिंग स्क्वायर–1 में शॉप संख्या 222 पर “रसोई बाई मां” नाम से दुकान संचालित करते हैं। बताया गया कि घटना के समय वे दुकान से कुछ सामान अपनी निजी कार में रख रहे थे, तभी दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिसमें गोली उनके दाहिनी आंख के ऊपर लगी।घायल की पत्नी द्वारा दिए गए प्रार्थनापत्र के आधार पर थाना सुशांत गोल्फ सिटी पर मुकदमा अपराध संख्या 57/2026 धारा 109(1) बीएनएस के अंतर्गत दो अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर आठ विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित बिंदुओं पर गंभीरता से विवेचना की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है और कानून-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

