लखनऊ,31 जनवरी (आरएनएस)। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में शनिवार को अटल लखनऊ खेल महोत्सव के अंतर्गत अटल रन फॉर राम कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। यह आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और खेल भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में सामने आया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दौड़ में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में खासा जोश और अनुशासन देखने को मिला। आयोजन स्थल पर पूरे समय उत्सव जैसा माहौल बना रहा।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह, अवनीश सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एबीवीपी प्रांत संगठन मंत्री अंशुल विद्यार्थी, क्रीड़ा भारती लखनऊ महानगर के उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्रीड़ा भारती की कोषाध्यक्ष आकांक्षा रस्तोगी, निर्मल सिंह, प्रशांत भाटिया, गोविंद पाण्डेय, अभिषेक कौशिक, प्रवीण गर्ग सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को नशा, तनाव एवं अस्वस्थ जीवनशैली से दूर रखते हुए स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित खेल गतिविधियों से जुडऩे और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही 26 जनवरी राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर सेंट जोसेफ विद्यालय द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन और सक्रिय सहभागिता की सभी अतिथियों ने सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को बधाई दी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

