लखनऊ,31 जनवरी (आरएनएस)। पुलिस कमिश्नरेट के उत्तरी जोन अंतर्गत थाना बख्शी का तालाब पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बीकेटी पुलिस ने जनरेटर से तांबे का सामान चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का जनरेटर, तांबे का तार, औजार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार दिनांक 30 जनवरी 2026 को निराला नगर हसनगंज निवासी ऋषभ अग्रवाल पुत्र सुशील कुमार अग्रवाल द्वारा थाना बख्शी का तालाब पर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि थाना क्षेत्र अंतर्गत गोदावरी टावर से सटे परिसर में रखे जनरेटर से 28 जनवरी 2026 को अज्ञात चोरों द्वारा सामान चोरी कर लिया गया है। इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 39/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया था, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक सरफराज खान द्वारा की जा रही थी।आज 31 जनवरी 2026 को उपनिरीक्षक सरफराज खान पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं विवेचना में व्यस्त थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मामपुर बाना कट किसान पथ से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर बैठे दो व्यक्तियों के पास बोरियों में संदिग्ध सामान पाया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने नाम गोविन्द रावत पुत्र श्रीराम, अंकित चौहान पुत्र जय श्रीराम तथा मुकेश कुमार गौतम पुत्र राजेन्द्र कुमार, निवासी ग्राम कंजवारा, थाना देवा, जनपद बाराबंकी बताया। अभियुक्तों की तलाशी में 9 एलन-की, दो सफेद बोरियों में रखे 9 बंडल तांबे के तार, चार मुंह पाना, लोहे का सब्बल, 17 और 20 नंबर के पाना तथा अल्टीनेटर रोटर कॉपर बाइंडिंग बरामद हुई।अभियुक्तों की निशानदेही पर गोदावरी टावर, सीतापुर रोड के पास झाडिय़ों से एक अल्टीनेटर जनरेटर, एक लोहे की रिंग तथा चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या यूपी 32 आरए 2095 बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे तेजी से धन कमाने और खर्च करने के उद्देश्य से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार गोविन्द रावत के विरुद्ध पूर्व में थाना देवा, जनपद बाराबंकी में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है, जबकि अन्य अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सरफराज खान, उपनिरीक्षक अजय कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार मिश्रा, कांस्टेबल जावेद इस्लाम एवं कांस्टेबल अम्ब्रीश सिंह शामिल रहे। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

