ऋषिकेश,03 फरवरी (आरएनएस)। विकासखंड डोईवाला की ग्राम पंचायत लिस्ट्राबाद में विधि विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर मांग तेज हो गई है। ग्राम पंचायत की ओर से इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला को सौंपा गया। मंगलवार को डोईवाला में ग्राम पंचायत लिस्ट्राबाद के प्रतिनिधियों ने विधायक विधायक बृजभूषण गैरोला को ज्ञापन सौंपा। इसमें लिस्ट्राबाद ग्राम प्रधान अनिल कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ने 2018-19 के बजट में विधि विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की थी। अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा है कि क्षेत्र में पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, जहां विधि विश्वविद्यालय की स्थापना संभव है। विश्वविद्यालय खुलने से आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को कानून की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा। साथ ही विश्वविद्यालय की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी। भाजपा रानीपोखरी के पूर्व मंडल अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि विधि विश्वविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। क्षेत्र के विकास को बल मिलेगा। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि लिस्ट्राबाद में विधि विश्वविद्यालय की स्थापना क्षेत्र की मांग लंबे समय से की जा रही है। विश्वविद्यालय खुलने से क्षेत्र के युवाओं को लाभ मिलेगा। डोईवाला शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस ज्ञापन को राज्य सरकार के समक्ष रखा जाएगा ताकि परियोजना जल्द धरातल पर उतर सके। इस मौके पर भाजपा रानीपोखरी मंडल अध्यक्ष गीतांजलि रावत, रणजीत सिंह, विवेक रावत, अजय चौहान, जीवन चौहान, वीर सिंह और नितिन कुमार आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

