ऋषिकेश,03 फरवरी (आरएनएस)। ऋषिकेश तहसील में तहसील दिवस पर समय से अधिकारी पहुंचे लेकिन फरियादी कम आए। डायरी व कलम लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी घंटों तक फरियादियों की बाट जोहते रहे। पूर्वाह्न 11 बजे से लगे जनता दरबार में मात्र सात मामले ही दर्ज हो सके। वे भी जमीन पैमाइश और सीमांकन से जुड़े थे। मंगलवार को ऋषिकेश तहसील में हर माह आयोजित होने वाले तहसील दिवस पर इस बार सभी विभागों के अधिकारी पहुंचे। फरियादी कम आए। मौसम में ठंडक के चलते भी लोगों की संख्या कम रही। इस दौरान नायब तहसीलदार से लेकर अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी समय से उपस्थित हुए। करीब 12 बजे श्यामपुर, रायवाला, खदरी और सोमेश्वर नगर क्षेत्र के कुछ लोग फरियाद लेकर पहुंचे। इनमें भूमि का सीमांकन, खतौनी में सही खसरा नंबर दर्ज कराने, भूमि बंधक, भूमि पैमाइश और पट्टे की नकल से संबंधित कुल सात मामले दर्ज किए गए। प्रशासनिक अधिकारी रेखा राणा ने बताया कि इस दौरान सड़क, बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ा कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र के सभी लोगों को तहसील दिवस की जानकारी होने के बावजूद कम ही लोग उपस्थित हुए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

