फाजिल्का ,04 फरवरी (आरएनएस)। पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया एक बार फिर सरहदी जिले फाजिल्का से नशे के खात्मे का बिगुल बजाने जा रहें हैं। दिसंबर माह में खराब मौसम और धुंध के कारण जो यात्रा स्थगित करनी पड़ी थी, अब राज्यपाल खुद उसका नेतृत्व करने के लिए फाजिल्का आ रहे हैं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर फाजिल्का में राज्य स्तरीय समारोह के दौरान राज्यपाल ने खुद इसकी घोषणा की थी। नशा विरोधी फाजिल्का जिले की यात्रा का आगाज 11 फरवरी को राज्यपाल पस्थानीय निवासियों और युवाओं के साथ 1 घंटे पैदल चलेंगे ताकि समाज को नशे के खिलाफ एकजुट किया जा सके। यह नशा विरोधी पदयात्रा 10 बजे निकाली जायेगी। यह यात्रा का आयोजन करण गिलहोत्रा फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है। राज्यपाल ने स्पष्ट किया है कि सरहद पार से ड्रोन के जरिए आ रहे नशे को रोकने के लिए केवल पुलिस और सेना काफी नहीं है, बल्कि सीमावर्ती इलाकों के लोगों का सहयोग अनिवार्य है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को खेल, शिक्षा और स्वरोजगार की ओर मोडऩा है।
खराब मौसम की वजह से हुई थी देरी
गौरतलब है कि इससे पहले 18 दिसंबर (2025) में इस यात्रा की योजना बनाई गई थी, लेकिन कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण सुरक्षा कारणों से राज्यपाल फाजिल्का नहीं पहुंच पाए थे। उस समय उन्होंने राजभवन से ही लाइव विडियो संदेश देकर युवाओं को प्रेरित किया था। अब मौसम साफ होने पर वे स्वयं जमीन पर उतरकर इस मुहिम को ‘जन-आंदोलनÓ बनाने आ रहे हैं।
केजीएफ टीम स्वागत व तैयारियों में जुटी: कर्ण गिलहोत्रा
इस संबंधी जानकारी देते फाउंडेशन के संस्थापक कर्ण गिलहोत्रा ने बताया कि यह यात्रा 11 फरवरी को प्रात: 10बजे निकाली जाएगी। यात्रा की शुरुआत गवर्नर श्री गुलाब चंद कटारिया द्वारा फाजिल्का के संजीव सिनेमा चौक से करवाई जायेगी, व खुद इस यात्रा का नेतृत्व करेंगे। इसके बाद यह गौशाला रोड, साइकिल बाजार, शास्त्री चौक, सराफा बाजार से होती हुई शहर के ऐतिहासिक घंटाघर चौक पर पहुंचेगी। इस मौके पर नशे के दुष्प्रभावों, परिवारों पर असर और समाज की भूमिका जैसे अहम मुद्दों पर भी संदेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन द्वारा इस संबंधी तैयारियां शुरू कर दी गई है। इस संबंध में फाजिल्का शहर के एनजीओ, स्कूली बच्चों, युवाओं व नगर के गणमान्यों से संपर्क किया जा रहा है जो पैदल मार्च में भाग लेकर लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक करेंगे व गर्वनर साहिब के साथ पैदल मार्च में भाग लेकर एतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

