रायपुर 5 फरवरी 2026(आरएनएस) रायपुर पुलिस कमिश्नरेट अंतर्गत पश्चिम जोन में फरार वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप पटेल के स्पष्ट निर्देशों पर बीते एक सप्ताह में कुल 162 वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जिससे अपराधियों में हड़कंप और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा एवं पश्चिम जोन के सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व में थाना आज़ाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, आमानाका, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, टिकरापारा, राजेंद्र नगर और मुजगहन थाना क्षेत्रों में यह सघन अभियान चलाया गया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की पतासाजी कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।

थानावार कार्रवाई की स्थिति
टिकरापारा थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 38 वारंटी पकड़े गए, वहीं आज़ाद चौक, सरस्वती नगर और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय कार्रवाई दर्ज की गई। अभियान के दौरान कुल 74 स्थायी वारंट एवं 88 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए।
अपराधों की श्रेणी
पुलिस के अनुसार पकड़े गए वारंटी चोरी, लूट, मारपीट, नारकोटिक्स एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट सहित अन्य गंभीर प्रकरणों में लंबे समय से फरार थे। सभी को विधिवत वारंट तामील कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि कानून से बचने की कोशिश कर रहे अपराधियों पर सख्ती बरकरार रहे और शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।


















