रायपुर 5 फरवरी 2026(आरएनएस) रायपुर शहर की पुलिस व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव करते हुए 23 जनवरी 2026 से कमिश्नरेट प्रणाली लागू कर दी गई है। इसके तहत शहर को प्रशासनिक और पुलिसिंग दृष्टि से तीन जोनों— रायपुर मध्य जोन, रायपुर नॉर्थ जोन और रायपुर वेस्ट जोन— में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन के लिए अलग-अलग पुलिस उपायुक्तों की नियुक्ति कर जवाबदेही और प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया गया है।

कमिश्नरेट व्यवस्था के अंतर्गत रायपुर नॉर्थ जोन की जिम्मेदारी पुलिस उपायुक्त श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) को सौंपी गई है। आदेश के साथ ही उनका कार्यालय पुराना पुलिस मुख्यालय, सिविल लाइन, जिला रायपुर में विधिवत रूप से स्थापित कर दिया गया है, जिससे नॉर्थ जोन के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में त्वरित पुलिसिंग और बेहतर समन्वय संभव हो सकेगा!

नॉर्थ जोन के अंतर्गत प्रशासनिक ढांचे में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री आकाश मरकाम की नियुक्ति की गई है। वहीं, सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) के रूप में सुश्री पूर्णिमा लामा को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनके अधीन खमतराई, उरला (नगर निगम क्षेत्र) एवं गुढ़ियारी थाना क्षेत्र आएंगे। इसके अतिरिक्त सहायक पुलिस आयुक्त (पण्डरी) के अंतर्गत पण्डरी और खम्हारडीह थाना क्षेत्र शामिल किए गए हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कमिश्नरेट प्रणाली से निर्णय प्रक्रिया में तेजी, अपराध नियंत्रण में सख्ती और जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। नॉर्थ जोन की नई संरचना से क्षेत्रीय स्तर पर पुलिस की जवाबदेही बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।

शहरवासियों को उम्मीद है कि यह नई व्यवस्था रायपुर को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जवाबदेह पुलिसिंग मॉडल की ओर ले जाएगी।


















