रायपुर 5 फरवरी 2026(आरएनएस) रायपुर शहर में लागू पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से डीसीपी सेंट्रल ज़ोन रायपुर उमेश गुप्ता ने क्षेत्र के होटल, बार एवं क्लब संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक 05 फरवरी को सी-4 सभा कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान डीसीपी गुप्ता ने होटल, बार एवं क्लब संचालकों को कमिश्नरी व्यवस्था की विस्तृत जानकारी देते हुए शासन द्वारा निर्धारित नियम-शर्तों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लाइसेंस की शर्तों, संचालन के निर्धारित समय तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कानून-व्यवस्था और नशे पर सख्ती
डीसीपी ने प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के उपयोग एवं बिक्री पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने, परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने तथा पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश
बैठक में होटल परिसरों में ठहरने वाले विदेशी नागरिकों की जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर पुलिस को उपलब्ध कराने, महिला ग्राहकों एवं महिला स्टाफ की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने, पर्याप्त संख्या में कार्यशील सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा प्रवेश-निकास बिंदुओं पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी प्रकार के हथियार के साथ परिसर में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और सुरक्षा जांच व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही गई।

नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
डीसीपी गुप्ता ने समस्त स्टाफ का अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नियमों के उल्लंघन, लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस-व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर समन्वय, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन पर विशेष बल दिया गया।


















