रायपुर | 05 फरवरी 2026(आरएनएस) राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में फोटो कॉपी दुकान में हुई चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो पूर्व में भी चोरी की एक दर्जन से अधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुनील मिश्रा ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला अभियोजन कार्यालय के पास उनकी प्रतिक्षा फोटो कॉपी दुकान में 02–03 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर ने शटर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और दराज में रखी नगदी राशि व एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई।
सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद पुलिस ने राजा तालाब, नई बस्ती निवासी मोहम्मद इजहान खान को चिन्हांकित कर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार करते हुए अपना जुर्म कबूल किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की ₹1200 नगद राशि और एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद इजहान खान एक कुख्यात शातिर चोर है, जो इससे पहले रायपुर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के एक दर्जन से अधिक मामलों में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद इजहान खान, पिता – स्वर्गीय मुस्ताक खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी – ईएलसी चर्च के पास, राजा तालाब, नई बस्ती, थाना सिविल लाइन, रायपुर।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में विधिवत कार्रवाई कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की सतर्कता की सराहना की है।


















