यह अभियान मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए चल रहा है- नलिनीश ठोकने
रायपुर 6 फरवरी 2026(आरएनएस) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस की प्रेसवार्ता पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को एसआईआर पर मिथ्याचारिता का प्रदर्शन करने के बजाय इस प्रक्रिया के समुचित सम्पादन में सहयोग करना चाहिए। श्री ठोकने ने कहा कि निर्वाचन आयोग का यह अभियान मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए चल रहा है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठोकने ने कहा कि एसआईआर में फार्म-7 जमा करना इस वैधानिक प्रक्रिया का हिस्सा है। कांग्रेस नेता यह न भूलें कि इस देश में ‘एक नागरिक-एक वोट’ ही एसआईआर प्रक्रिया का लक्ष्य है। कांग्रेस पर हर घुसपैठिए को नागरिकता देकर मतदाता बनाने का आरोप लगाते हुए ठोकने ने कहा कि इस देश का भाग्यविधाता इस देश का सच्चा नागरिक होगा और वही इस देश तथा राज्यों के नेतृत्व के चयन का एकमात्र अधिकारी होगा। मतदाता सूचियों में आपत्तियों को लेकर कांग्रेस के विरोध को खारिज करते हुए ठोकने ने कहा कि आपत्तियाँ दर्ज कराना और उनका समाधान करना निर्वाचन आयोग की वैधानिक प्रक्रिया है। उन्हें (स्वयं ठोकने) और उनकी धर्मपत्नी को भी निर्वाचन आयोग ने नोटिस दी थी, जबकि इसके लिए 2003 की मतदाता सूची भी जमा कराई गई थी। बावजूद इसके, उन्होंने (श्री ठोकने ने) निर्वाचन आयोग को इस मामले में संतुष्ट किया।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठोकने ने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण की इस समूची प्रक्रिया में सहयोग करने के बजाय कांग्रेस के लोग स्वयं को संविधान से ऊपर क्यों मान रहे हैं? बिहार में भी कांग्रेस ने मतदाताओं के नाम काटे जाने का प्रलाप किया था, जो बाद में किसी तरह की कोई आपत्ति नहीं आने पर मिथ्या ही सिद्ध हुआ। श्री ठोकने ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर किए जा रहे विरोध को खारिज किया है। बावजूद इसके, बिहार की तर्ज पर अब कांग्रेस छत्तीसगढ़ में झूठा नैरेटिव चला रही है और भ्रमित करने में लगी है। श्री ठोकने ने कांग्रेस नेताओं को यह नसीहत दी है कि एसआईआर का विरोध करने के बजाय कांग्रेस अपने संगठनात्मक ढांचे को दुरुस्त करने में ऊर्जा खपाए और अपने गिरेबाँ में झाँककर अपनी कमजोरियों को दूर करे, अन्यथा एसआईआर पर कांग्रेस का प्रलाप आगामी चुनावों में अपनी हार के बहाने ढूँढ़ने का पूर्वाभ्यास ही होगा।


















