रायपुर 6 फरवरी 2026(आरएनएस) शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सख़्त रुख अपनाते हुए लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में डीसीपी नॉर्थ ज़ोन के निर्देशन में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक प्रकरण में 3 विधि के साथ संघर्षरत बालकों को समझाइश के बाद बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पहला मामला थाना पण्डरी क्षेत्र का है, जहाँ आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, मोवा के कक्षा कक्ष के भीतर चाकू लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने वीडियो को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच की और मुख्य आरोपी सुशांत प्रधान (19 वर्ष), निवासी बीएसयूपी कॉलोनी सड्डू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चाकू बरामद किया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वहीं, वीडियो में शामिल तीन विधि के साथ संघर्षरत बालकों के विरुद्ध सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
दूसरा मामला थाना गुढ़ियारी क्षेत्र का है, जहाँ भरत नगर, झंडा चौक रामनगर के पास आरोपी बीरे साहू (28 वर्ष) को अवैध रूप से चाकू लहराते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की है।
तीसरा मामला थाना खमतराई क्षेत्र अंतर्गत शेरे पंजाब होटल, रावांभाठा के सामने का है, जहाँ आरोपी कृष्णा निषाद उर्फ मोटा (26 वर्ष) आम नागरिकों को धारदार चाकू दिखाकर भयभीत कर रहा था। सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर चाकू जप्त किया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी सख़्त कार्यवाही जारी रहेगी।


















