रायपुर 6 फरवरी 2026(आरएनएस) शहर में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भयमुक्त परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीसीपी वेस्ट ज़ोन संदीप पटेल के नेतृत्व में “संवाद से समाधान कार्यक्रम” के तहत अंतरराज्यीय बस स्टैंड परिसर भाठागांव स्थित पुलिस सहायता केंद्र में बस संचालकों एवं एजेंट्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीसीपी संदीप पटेल ने कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुलिस और परिवहन से जुड़े हितधारकों के बीच संवाद ही समस्याओं के स्थायी समाधान का आधार है। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, महिला एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा तथा बस स्टैंड परिसर में अनुशासन कायम रखने जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
अधिकारियों ने बस संचालकों, परिचालकों एवं ड्राइवरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों के साथ सौम्य एवं मर्यादित व्यवहार सुनिश्चित किया जाए, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए तथा यात्रा के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। महिला यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रात्रिकालीन बस संचालन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में बस स्टैंड परिसर में अवैध गतिविधियों, नशाखोरी एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और यात्रियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित परिवहन व्यवस्था से ही आम नागरिकों का विश्वास सुदृढ़ होगा और यात्रा अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बन सकेगी।
इस अवसर पर एसीपी राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल ने भी बस संचालकों एवं एजेंट्स से सीधा संवाद कर आपसी समन्वय बढ़ाने और जमीनी स्तर की समस्याओं के त्वरित निराकरण की अपील की।
बैठक में उपस्थित सभी बस संचालकों एवं एजेंट्स ने यात्रियों की सुरक्षा, व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
सुरक्षित यात्रा — सबकी जिम्मेदारी (जनहित में जारी)


















