रायपुर 7 फरवरी 2026(आरएनएस) रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के उत्तर ज़ोन में “संवाद से समाधान” अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को शासकीय एवं निजी विद्यालयों के प्राचार्यों की एक अहम समन्वय बैठक आयोजित की गई। सिविल लाइन स्थित सी-4 बिल्डिंग में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त उत्तर ज़ोन श्री मयंक गुर्जर ने की। बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त श्री आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा भी उपस्थित रहीं।
यह बैठक हाल ही में एक विद्यालय में छात्र द्वारा चाकू लहराने की गंभीर घटना को दृष्टिगत रखते हुए बुलाई गई, जिसका मुख्य उद्देश्य स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस दिशा-निर्देश तय करना था।

बैठक को संबोधित करते हुए डीसीपी श्री गुर्जर ने स्पष्ट किया कि विद्यालय परिसर की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्राचार्यों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की नियमित काउंसलिंग कराई जाए, अनुशासनहीन एवं संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। स्कूलों में समय-समय पर बैग चेकिंग, आईडी कार्ड की अनिवार्यता, बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर नियंत्रण और प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
इसके साथ ही सभी विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने, प्रवेश-निकास द्वार पर निगरानी बढ़ाने तथा विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और पुलिस के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
बैठक में यह भी कहा गया कि किसी भी छात्र के व्यवहार में असामान्यता, संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा से जुड़ी समस्या सामने आने पर तत्काल संबंधित थाना और पुलिस अधिकारियों को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
सभी प्राचार्यों ने पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने तथा विद्यालयों में सुरक्षित, अनुशासित और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

