रायपुर 7 फरवरी 2026(आरएनएस) शासन की मंशा के अनुरूप अवैध शराब के परिवहन, खरीदी-बिक्री और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में 7 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत रावतपुरा फेस-2, बजरंग चौक के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम ज़ोन श्री संदीप पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में थाना प्रभारी टिकरापारा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पतासाजी की और उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धर्मेश जगत पिता बंसी जगत, उम्र 40 वर्ष, निवासी रावतपुरा फेस-2, बजरंग चौक, टिकरापारा बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद प्लास्टिक झोले से शराब बरामद की गई। जब उससे शराब रखने और बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध रूप से रखी 25 पौवा देशी शराब एवं बिक्री की रकम सहित कुल जुमला कीमती लगभग 2800 रुपये जप्त की। इस संबंध में थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 109/26 धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिसंगत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

