रायपुर, 8 फरवरी 2026 (आरएनएस) नशे के सौदागरों के लिए रायपुर की धरती अब सुरक्षित नहीं रही। पुलिस कमिश्नरेट के सख्त तेवर और वेस्ट जोन पुलिस की मुस्तैदी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के एक शातिर अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
लालपुर ओवरब्रिज के नीचे, केनाल रोड स्थित कुष्ठरोग अस्पताल के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस ने गांजा की डिलीवरी की फिराक में खड़े तस्करों को घेर लिया। पुलिस को देखते ही दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि चालक सीट पर बैठे तस्कर को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम हिमांशु केशरवानी, निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया।
तलाशी के दौरान स्विफ्ट कार से अलग-अलग पैकेटों में भरा 20.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ कि आरोपी ओडिशा के कालाहांडी से गांजा लाकर रायपुर और उत्तर प्रदेश में उसकी सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने न सिर्फ गांजा, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए, जिनकी कुल कीमत करीब 7 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के दिशा-निर्देश और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल की निगरानी में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने यह सटीक और साहसिक कार्रवाई अंजाम दी।
थाना न्यू राजेन्द्र नगर में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 56/26, धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर पूरे नशा नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए एंड-टू-एंड जांच और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन की तैयारी है।
गिरफ्तार आरोपी – हिमांशु केशरवानी, पिता स्व. बब्बु केशरवानी, उम्र 29 वर्ष, निवासी पुरामुक्ति एयरफोर्स मनोरी, थाना पुरामुक्ति, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)।


















